खेरली स्थित बजरंग विहार कॉलोनी के हुए जलमग्न, रहवासियों ने की समाधान की मांग
खेड़ली (दिनेश लेखी) नगरपालिका खेड़ली स्थित बजरंग विहार कॉलोनी में बारिश के बाद कॉलोनी के रास्ते मार्ग जलमग्न हो गए हैं। जलभराव के कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ आने-जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि मार्गों पर अत्यधिक जलभराव होने से आवागमन बाधित हो गया है। वहीं सड़कों पर बने गहरे गड्ढे पानी में छिप जाने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कई बार मोटरसाइकिल चालक रास्ते का सही अनुमान नहीं लगा पाने के कारण गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। कॉलोनीवासियों ने इस संबंध में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को भी अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
रहवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलनिकासी एवं सड़क सुधार की व्यवस्था नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है। इस दौरान जगराम, समय सिंह, जितेंद्र, विश्राम चौधरी, अशोक कुमार, रामू, मुरारी शर्मा, रवि शर्मा, चंद्रमोहन, श्याम सिंह, खुशीराम सहित अनेक कॉलोनीवासी मौजूद रहे।


