नगर परिषद कार्यालय में शहरी सेवा शिविर आयोजित, मौके पर ही हुआ समस्याओं का निस्तारण
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। नगर परिषद कार्यालय सभागार में सोमवार को ‘शहरी सेवा शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों के विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों और समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। नगर परिषद आयुक्त श्रवण राम ने बताया कि सोमवार को वार्ड संख्या 05 से 08 तक के लिए इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इन शिविरों को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य आमजन को सभी विभागों की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर आसानी से पहुंचाना है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। सोमवार को आयोजित इस शिविर में प्रशासनिक तत्परता दिखाते हुए कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए, जिनमें कृषि भूमि के 02 पट्टे, पुनर्वैध पट्टा 01, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र 01, अनापत्ति प्रमाण पत्र 01, विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र 13, जन्म प्रमाण पत्र 18, मृत्यु प्रमाण पत्र 05 जारी किए गए।
शिविर के दौरान लोगों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की गई। इसमें सीवरेज से संबंधित 02 प्रकरण, सड़क मरम्मत व निर्माण का 01 प्रकरण और साफ-सफाई से जुड़े 03 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई। शिविर में नगर परिषद के अलावा चिकित्सा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जलदाय विभाग, विद्युत विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भी स्टॉल लगाकर सरकार की योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया। शिविर को सफल बनाने में नगर परिषद आयुक्त श्रवण राम, सहायक अभियंता सहदेव कुमार सबल, सुश्री विनीता चौधरी, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी असफाक अहमद, कनिष्ठ अभियंता हंसराज मीणा, ऋषिराज सिंह, भीम सिंह, कार्यालय सहायक बरकतुल्लाह, स्वास्थ्य निरीक्षक देवेन्द्र सिंह राठौड़ और वरिष्ठ सहायक अरविन्द पूनियां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण मुस्तैद रहे।


