भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई, जिसमें जिले में चल रहे विकास कार्यों के प्रभावित सड़क मार्गों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर पानी निकासी के भी पुख्ता इंतजामात करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क मार्गों के विस्तार व नवीन के कार्यों के कारण आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नही हो इसके लिए वैकल्पिक मार्ग तैयारी करें साथ ही पानी निकासी के लिए भी पुख्ता इंतजाम करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान पानी निकासी के संबंध में किसी भी स्थान पर समस्या आने पर संबंधित ऐजेंसी को दोषी माना जाएगा। उन्होंने कहा कि ड्रेनेज विकास कार्यों के दौरान प्रभावित नही हों इसके लिए नगर निगम भी टीम लगाकर शहर के सभी मार्गों पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कराते हुए निगरानी रखे। उन्होंने विभागवार समीक्षा के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों का शहरी एवं ग्रामीण जनकल्याण शिविरों में सत्यापन करते हुए सभी लाभार्थियों को पेंशन संबंधी समस्याओं का निराकरण करें। उन्होंने खाद्य सुरक्षा योजना में पात्र परिवारों का राशन डीलरों के माध्यम से सत्यापन करते हुए प्राथमिकता से जनहित के कार्यों का निराकरण करने की बात कही।
प्रत्येक विभाग के अधिकारी पहुंचे शिविरों में-
जिला कलक्टर ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे, इसके लिए विभागवार अधिकारियों का रोस्टर बनाकर प्रत्येक शिविर में विभागीय उपस्थित सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन के पेयजल, विद्युत संबंधी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाए। जलदाय विभाग जलजीवन मिशन के कार्यों के दौरान पाइपलाईन डालने की क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों के मौटरेबल कार्य का भी निरीक्षण कर खामियों को ठीक कराए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को सभी सड़कों के पेचवर्क कार्य शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियालो राजस्थान अभियान के तहत सभी विभाग अपने स्तर पर तैयारी कर पौधारोपण के लिए स्थान चिन्हित करते हुए आमलोगों को भी अधिकाधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित करें।
जिला कलक्टर ने बरसात के मौसम को देखते हुए मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जल भराव वाले स्थानों पर लार्वारोधी गतिविधियां करने, सभी चिकित्सा संस्थाओं में दवाओं उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जर्जर विद्युत तारों, झुके हुए विद्युत पोलों तथा क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों की तत्काल जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित करायें। उन्होंने संवेदनशील एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा फॉल्ट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पर्याप्त तकनीकी दलों की उपलब्धता बनाए रखने की बात कही।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई, पीडल्यूडी अधीक्षण अभियन्ता आरसी मीणा, जलदाय विभाग अधीक्षण अभियन्ता नरेन्द्र वर्मा, विद्युत विभाग अधीक्षण अभियन्ता रामहेत मीणा, जिला आबकारी अधिकारी राजीव शर्मा, सहायक कलक्टर पायल जैन, जल संसाधन अधीक्षण अभियन्ता बनयसिंह, सेवर विकास अधिकारी विनय मित्र, कृषि संयुक्त निदेशक राधेश्याम मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।