भरतपुर में जाट समाज की आरक्षण हुंकार रैली, हनुमान बेनीवाल ने सरकार पर साधा निशाना, आरक्षण नहीं मिला तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जाट समाज की ओर से आरक्षण की मांग को लेकर सोमवार को भरतपुर के हीरादास स्थित नुमाइश मैदान में विशाल आरक्षण हुंकार रैली का आयोजन किया गया। रैली में हजारों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। सभा के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सांसद हनुमान बेनीवाल रहे। वहीं भाजपा विधायक डॉ. शैलेश सिंह और जगत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि जाट समाज अपने अधिकारों और आरक्षण के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहा है और समाज को उसका हक मिलना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि "आरक्षण लेकर रहेंगे" और सरकार को युवाओं के भविष्य को देखते हुए इस मुद्दे पर गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए।
सभा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद हनुमान बेनीवाल ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी कर रहे हैं और जाट समाज की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बेनीवाल ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते जाट समाज की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि रैली में आने वाले कई लोगों को रास्ते में रोका गया। यदि लोगों को नहीं रोका जाता तो सभा में 20 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी होती। उन्होंने कहा कि नागौर और बाड़मेर सहित कई जिलों से आने वाले समर्थकों को भी रोका गया।
- सांसद को सौंपा गया ज्ञापन
सभा के समापन के बाद जाट आरक्षण संघर्ष समिति की ओर से सांसद हनुमान बेनीवाल को आरक्षण संबंधी मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। समिति के प्रतिनिधि नेम सिंह ने कहा कि जाट समाज वर्षों से आरक्षण के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस विशाल सभा के माध्यम से सरकार को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लिया जाए।
नेम सिंह ने बताया कि सांसद हनुमान बेनीवाल आगामी जुलाई में शुरू होने वाले संसद सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष भी जाट आरक्षण का मुद्दा उठाएंगे और समाज की मांगों को मजबूती से रखेंगे।
- बेनीवाल के भाषण के दौरान मंच छोड़कर चले गए भाजपा विधायक
रैली के दौरान एक राजनीतिक घटनाक्रम भी चर्चा का विषय बना रहा। सभा की शुरुआत में नदबई विधायक जगत सिंह और डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने मंच से संबोधन किया। दोनों नेताओं ने कहा कि वे इस विषय को केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं।
हालांकि, दोनों विधायकों के भाषण समाप्त होने के बाद जैसे ही सांसद हनुमान बेनीवाल ने अपना संबोधन शुरू किया, उसी दौरान विधायक जगत सिंह और डॉ. शैलेश सिंह मंच से उठे, बेनीवाल से हाथ मिलाया और हाथ जोड़कर अभिवादन करने के बाद बीच कार्यक्रम में ही मंच छोड़कर रवाना हो गए। दोनों नेताओं का मंच छोड़कर जाना कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।


