सफलता की कहानी: चांदपुरी ग्राम में समझाइश से मिटा 10 साल पुराना भूमि विवाद, हुआ भूमि का विभाजन
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) राजस्थान सरकार द्वारा चलाए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इन शिविरों में जहाँ विभिन्न विभागों से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, वहीं मौके पर ही समस्याओं का त्वरित निस्तारण भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को चांदपुरी ग्राम में आयोजित शिविर में प्रशासन की सूझबूझ से एक दशक पुराना भूमि विवाद पल भर में सुलझ गया।
अधिकारियों ने की समझाइश चांदपुरी ग्राम में पिछले 10 वर्षों से एक भूमि को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके कारण संबंधित पक्ष परेशान थे। शिविर के दौरान यह मामला सामने आने पर उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार के निर्देशन में तहसीलदार अनिल कुमार, गिरदावर और पटवारी अमरचंद की टीम ने तत्परता दिखाई। राजस्व अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर संवेदनशीलता के साथ समझाइश की।
मौके पर ही हुआ नामांतरण प्रशासन के प्रयासों और समझाइश का सकारात्मक असर देखने को मिला। दोनों पक्ष आपसी मनमुटाव भुलाकर सहमति से भूमि विभाजन के लिए तैयार हो गए। अधिकारियों ने बिना समय गंवाए मौके पर ही भूमि का विधिवत विभाजन किया और तुरंत नामांतरण (म्यूटेशन) की प्रक्रिया भी पूरी कर दी। 10 साल पुराने विवाद का चंद घंटों में समाधान होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और प्रशासन का आभार जताया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी, तहसीलदार व पटवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने अन्य ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना।


