झड़ाया बालाजी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने श्रीराम महायज्ञ में दी आहुति; श्रीराम का जीवन लोककल्याण को समर्पित' - राज्यपाल
108 कुण्डीय महायज्ञ के सातवें दिन पहुंचे कई दिग्गज नेता और प्रशासनिक अधिकारी
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव) झड़ाया बालाजी धाम में आयोजित 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ के सातवें दिन मंगलवार को धार्मिक आस्था, वैदिक परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। महायज्ञ में आहुति देने के लिए राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े विशेष रूप से झड़ाया धाम पहुंचे। उन्होंने बालाजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और यज्ञशाला में विश्व कल्याण के लिए आहुति अर्पित की।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे झड़ाया बालाजी धाम पहुंचे, जहां महायज्ञ सेवा समिति एवं संत-महात्माओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। राज्यपाल ने सबसे पहले बालाजी महाराज को चोला अर्पित किया। इसके बाद वे यज्ञशाला पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रों की गूंज और श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति के बीच उन्होंने विश्व शांति और पर्यावरण शुद्धि के लिए आहुति दी।
- रामायण-महाभारत विश्व की अमूल्य धरोहर
यज्ञ के पश्चात कथा पांडाल में आयोजित समारोह में राज्यपाल बागड़े ने रामायण और महाभारत को विश्व के महानतम ग्रंथ बताते हुए कहा कि भारतीय दर्शन केवल विचार नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ पद्धति है। उन्होंने गीता प्रेस के संस्थापक हनुमान प्रसाद पोद्दार और महर्षि पतंजलि के योग दर्शन का उल्लेख करते हुए आमजन से अपनी संस्कृति पर गर्व करने का आह्वान किया।
- श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाएं
भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा, "दूसरों के अधिकारों की रक्षा करना न्याय है, जबकि केवल अपने अधिकारों की रक्षा करना स्वार्थ है।" उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश में इस वर्ष भी समृद्ध वर्षा और खुशहाली की कामना की।
- पांडाल में उमड़ी दिग्गजों की मौजूदगी
समारोह में प्रदेश के जलदाय मंत्री केएल चौधरी, खंडेला विधायक सुभाष मील, उदयपुरवाटी के पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी व महायज्ञ समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर बलदेव दास महाराज, सीताराम दास महाराज सहित झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण कुमार गर्ग, सीकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी, झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सागर तथा सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। गौरतलब है कि 17 जून से शुरू हुआ यह महायज्ञ 25 जून तक चलेगा।


