भीलवाड़ा में होगा तैलिक साहू समाज का राष्ट्रीय शक्ति प्रदर्शन, 20 हजार समाजबंधुओं के जुटने की तैयारी
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) राजस्थान प्रांतीय तैलिक साहू महासभा ने वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्र कार्यकारिणी की बैठक एवं विशाल सामाजिक-राजनीतिक जागरूकता सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। प्रस्तावित आयोजन में देशभर से समाज के राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा समाजबंधु भाग लेंगे। कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक में इसकी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
महासभा प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू आसिंद ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य तेली साहू समाज को सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से अधिक संगठित और जागरूक बनाना है। सम्मेलन के माध्यम से समाज की एकजुटता और जनशक्ति का परिचय देते हुए विभिन्न स्तरों पर समाज की भागीदारी और प्रतिनिधित्व को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रमुख राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेशाध्यक्षों, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न राज्यों से समाज के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। इससे समाज के मुद्दों, अपेक्षाओं और सुझावों को सीधे नीति-निर्माताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
महासभा के पदाधिकारियों के अनुसार सम्मेलन में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 20 हजार तैलिक साहू समाजबंधुओं के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन समाज के इतिहास के बड़े आयोजनों में शामिल होगा, जहां सामाजिक समरसता, युवा नेतृत्व, शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और राजनीतिक सहभागिता जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी समाज की प्रभावी भागीदारी उसके संगठन और जागरूकता पर निर्भर करती है। ऐसे में यह सम्मेलन समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों, कर्तव्यों और भविष्य की दिशा पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा समाज के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को आगे लाने की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा।
कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए विभिन्न समितियों के गठन, आमंत्रण अभियान, जनसंपर्क और व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में महासभा के जिला अध्यक्ष कैलाश चंद्र आसरवा, राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष देवराज तेली, एडवोकेट कुशल साहू, प्रहलाद दिया, मोहन दिया, राकेश कुमार तेली,मुकेश कुमार तेली, मनीष मगरिंदा, एडवोकेट प्रताप तेली, किशनलाल तेली, शंकरलाल तेली, सुखदेव जरवाल, दीपक कुमार साहू, रतनलाल तेली,कमलेश तेली, राकेश पचलोड़िया, सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।


