भूत-प्रेत का डर दिखाकर 32 लाख की ठगी, हरियाणा से दो तांत्रिक गिरफ्तार
- मुख्य आरोपी नूरदीन मौलवी और तांत्रिक राजेन्द्र प्रसाद पुलिस की गिरफ्त में, एक फरार
- बकरे की बलि और पूजा सामग्री के नाम पर भी ऐंठे लाखों रुपये
खैरथल थाना पुलिस ने अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और भूत-प्रेत के नाम पर लोगों को डराकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य सरगना नूरदीन मौलवी (निवासी आंधाकी, पुन्हाना, हरियाणा) और स्थानीय तांत्रिक राजेन्द्र प्रसाद शर्मा (निवासी खैरथल) शामिल हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी आबिद मौलवी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
जान का खतरा बताकर जाल में फंसाया पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों ने खैरथल के एक पीड़ित परिवार को अपने जाल में फंसाया था। आरोपियों ने परिवार को डराया कि उनके घर में जिन्न और भूत-प्रेत का साया है, जिससे परिवार के किसी सदस्य की जान जा सकती है। मौत का डर दिखाकर आरोपी पीड़ित परिवार को इलाज और तंत्र-मंत्र के बहाने हरियाणा ले गए और वहां उनसे मोटी रकम वसूलनी शुरू कर दी।
चार किस्तों में वसूली 32 लाख की रकम पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित परिवार से अलग-अलग चरणों में कुल 29.25 लाख रुपये वसूले, जो कि 25 हजार, 12 लाख, 11.50 लाख और 5.50 लाख रुपये की किस्तों में लिए गए। इसके अलावा बकरे की बलि, विशेष पूजा-पाठ, हवन सामग्री और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर करीब 1.73 लाख रुपये अतिरिक्त ऐंठ लिए गए। इस तरह गिरोह ने तंत्र-मंत्र के नाम पर कुल 32 लाख रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया।
मेवात में दबिश देकर दबोचा पीड़ित पक्ष की ओर से 22 मई 2026 को खैरथल थाने में मामला दर्ज कराया गया था। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह, किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव तथा थानाधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। आखिरकार, तकनीकी सहायता और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने 22 जून को हरियाणा के मेवात क्षेत्र (पुन्हाना) में दबिश देकर नूरदीन मौलवी को उसके गांव से दबोच लिया, जबकि दूसरे आरोपी राजेन्द्र प्रसाद को खैरथल से गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। तांत्रिक राजेन्द्र प्रसाद शर्मा के खिलाफ वर्ष 1994 और 2003 में चोरी, अतिक्रमण और मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, नूरदीन मौलवी के खिलाफ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में धोखाधड़ी तथा हरियाणा के पुन्हाना में दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला दर्ज है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश और ठगी गई राशि की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
थानाधिकारी खैरथल थानाधिकारी रामकिशन यादव ने आमजन से अपील की है कि वे भूत-प्रेत, जिन्न या टोना-टोटका जैसी बातों के बहकावे में न आएं। यदि कोई भी व्यक्ति पूजा-पाठ या तंत्र-मंत्र के नाम पर धन की मांग करता है या डराता है, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।


