नई दिल्ली की राष्ट्रीय कार्यशाला में शामिल हुए रामगढ़ विधायक, श्रम और रोजगार सृजन पर हुआ मंथन
रामगढ़ / अलवर /अमित कुमार शर्मा
नई दिल्ली के प्रतिष्ठित गुलमोहर ऑडिटोरियम में "स्ट्रेंथनिंग लेबर एंड स्किल्स इकोसिस्टम्स फॉर विकसित भारत @2047" (Strengthening Labour and Skills Ecosystems for Viksit Bharat @2047) विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में रामगढ़ से विधायक सुखवंत सिंह ने सक्रिय रूप से भाग लिया और क्षेत्र के युवाओं की प्रगति तथा रोजगार को लेकर अपने विचार साझा किए।
कार्यशाला के दौरान देश में श्रम सुधार, कौशल विकास (स्कील डेवलपमेंट), नए रोजगार के अवसरों के सृजन और उद्योगों की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को तैयार करने जैसे गंभीर विषयों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई। इसके साथ ही युवाओं को व्यावहारिक अनुभव दिलाने के लिए आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और अप्रेंटिसशिप (प्रशिक्षुता) को बढ़ावा देने की रणनीतियों पर भी नीति विशेषज्ञों ने मंथन किया।
राष्ट्रीय स्तर के नेताओं और विशेषज्ञों का रहा जमावड़ा
इस उच्चस्तरीय कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और लोकसभा सांसद डॉ. सी. एन. मंजूनाथ सहित देश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, अर्थशास्त्रियों और नीति विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया और अपने विचार व्यक्त किए।
कौशल और आत्मनिर्भरता से ही पूरा होगा 'विकसित भारत' का सपना
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी ताकत देश की युवा शक्ति है। युवाओं को सही कौशल, उचित अवसर और आत्मनिर्भरता से जोड़कर ही हम वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के बड़े संकल्प को साकार कर सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश के भीतर श्रम, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्रों में जो क्रांतिकारी बदलाव और सुधार हो रहे हैं, वे आने वाले समय में भारत को विकास की एक नई और बुलंद ऊंचाई पर ले जाएंगे। कार्यशाला में मिले सुझावों को स्थानीय स्तर पर भी लागू करने का प्रयास किया जाएगा ताकि क्षेत्र के युवाओं को इसका सीधा लाभ मिल सके।


