केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव कल लक्ष्मणगढ़ दौरे पर, कई सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों में होंगे शामिल
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव कल (28 जून) अलवर संसदीय क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र के राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव कटारा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री भूपेंद्र यादव शाम को लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में पहुंचेंगे।
यह रहेगा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम:
- शाम 4:30 बजे: ग्राम खोहरा मलावाली में आयोजित बाबा प्रयागदास जी महाराज के वार्षिक मेले में भाग लेंगे और धोक लगाएंगे।
- शाम 5:30 बजे: पुरानी सब्जी मंडी स्थित श्री सार्वजनिक पुस्तकालय के एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
- शाम 6:00 बजे: कठूमर रोड स्थित चंद्रशेखर पार्क में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में आमजन और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
मंडल अध्यक्ष कटारा ने बताया कि इस दौरे के दौरान पर्यावरण संरक्षण, वन विकास और क्षेत्र के सामाजिक मुद्दों को लेकर भी चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित भारी संख्या में ग्रामीणों के जुटने की संभावना है।


