सड़क किनारे झाड़ियों में बैठा दिखा लैपर्ड, राहगीरों ने बनाया वीडियो, वन विभाग से सुरक्षा की मांग
कलेशान गांव के पास भूरा सिद्ध हनुमान मंदिर के नीचे का मामला; कुछ दिनों पहले बकरी का भी किया था शिकार
राजगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता) राजगढ़-डेरा सड़क मार्ग पर स्थित कलेशान गांव के समीप भूरा सिद्ध हनुमान जी मंदिर के नीचे गत देर रात्रि एक लैपर्ड (तेंदुआ) देखे जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे झाड़ियों में आराम फरमा रहे लैपर्ड का राहगीरों ने वीडियो भी बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शी लखन सिंह ने बताया कि वह देर रात राजगढ़ से रैणी की ओर कार से जा रहे थे। इसी दौरान कलेशान गांव के पास भूरा सिद्ध हनुमान मंदिर के नीचे सड़क किनारे झाड़ियों में उन्हें एक लैपर्ड बैठा हुआ दिखाई दिया। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी कार रोकी और मोबाइल से लैपर्ड का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
- व्यस्त मार्ग होने से हादसे का डर
लखन सिंह के अनुसार, इस मुख्य सड़क मार्ग पर देर रात तक वाहनों की भारी आवाजाही (यातायात) रहती है। ऐसे में वन्यजीव और इंसानों के बीच टकराव या किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग से तुरंत इस मामले में संज्ञान लेने और उचित कदम उठाने की मांग की है।
- मवेशियों पर मंडरा रहा खतरा
कलेशान गांव के निवासी महेंद्र उषाहरा ने बताया कि क्षेत्र में लैपर्ड की आवाजाही पिछले कुछ दिनों से बनी हुई है। कुछ दिनों पूर्व ही इस लैपर्ड ने गांव में एक बकरी का शिकार भी किया था। लैपर्ड की सक्रियता के चलते अब ग्रामीणों में अपने मवेशियों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने या पिंजरा लगाकर लैपर्ड को रेस्क्यू करने की अपील की है।


