नई औद्योगिक नीति पर उद्यमियों ने जताया भरोसा, रीको क्षेत्र की समस्याएं उठीं; लघु उद्योग भारती की बैठक आयोजित
खैरथल (हीरालाल भूरानी) सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को नई दिशा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की ओर से घोषित राजस्थान इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट पॉलिसी 2026 को लेकर खैरथल के उद्यमियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। शनिवार को रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित लघु उद्योग भारती कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक में उद्यमियों ने नई औद्योगिक नीति, रैम्प पोर्टल तथा वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) कॉफी टेबल बुक पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसे उद्योगों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इकाई अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस की शुभकामनाओं के साथ हुई।
वक्ताओं ने कहा कि नई नीति से प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और एमएसएमई क्षेत्र को नई गति मिलेगी। बैठक में समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ए-वन फुटवियर के संचालक महेश चंचलानी का पुलिस लाइन खैरथल में आरओ युक्त वाटर कूलर भेंट करने पर फूल-माला एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि उद्योग जगत केवल आर्थिक विकास म का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों का भी मजबूत आधार है और महेश चंचलानी का यह कार्य अन्य उद्यमियों के लिए प्रेरणादायी है। बैठक में रीको औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों की समस्याओं पर भी गंभीर मंथन हुआ। बिजली-पानी की उपलब्धता, सीईटीपी / जेडएलडी व्यवस्था, बैंक ऋण तथा पर्यावरणीय अनुपालना से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में है स्थानीय उद्यमी मौजूद रहे। कार्यक्रम काम समापन "एकजुट उद्योग, समृद्ध खैरथल के संकल्प के साथ हुआ।


