पानी के बोरवेलों से हजारों मीटर केबल चोरी, किसानों में दहशत; एक दर्जन किसानों ने थाने में दी रिपोर्ट
कठूमर (दिनेश लेखी)। उपखंड क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात चोरों ने क्षेत्र के रैला, रानोता और आसपास के गांवों को निशाना बनाते हुए करीब एक दर्जन किसानों के बोरवेलों से बिजली की केबल और अन्य कीमती सामान पार कर दिया। शनिवार सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तो चोरी का पता चला। लगातार हो रही इन वारदातों से क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। पीड़ित किसानों ने शनिवार सुबह एकत्रित होकर कठूमर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
कोठरियों के ताले टूटे मिले, सिंचाई ठप
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7 बजे जब किसान पृथ्वीराज पुत्र फूलसिंह जाट अपने खेत पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। बोरिंग की कोठरी का ताला टूटा हुआ था और अंदर लगी करीब 50 मीटर बिजली की केबल गायब थी। पृथ्वीराज की सूचना पर जब आसपास के अन्य किसानों ने भी अपने बोरवेलों की जांच की, तो एक के बाद एक कई किसानों के खेतों में चोरी की बात सामने आई।
इन किसानों को लगा फटका: चोरों ने किसान जनदीश, जयसिंह, हरसराज, जयरसिंह, पृथ्वीराज, इन्दुल, जवाहर, रामकिशन, विजेन्द्र, देवेन्द्रसिंह, विजयसिंह, जगदीश, जग्गा तथा रामवीर सहित करीब एक दर्जन किसानों की बोरिंगों को निशाना बनाया। चोरों ने विभिन्न खेतों से 20 मीटर से लेकर 150 मीटर तक की बिजली केबल काट ली। इसके अलावा चोर कोठरियों के किवाड़ और ताले तोड़कर वहां रखा अन्य सामान भी समेट ले गए।
खेती-किसानी प्रभावित, पुलिस ने शुरू की जांच
थाने पहुंचे पीड़ित किसानों ने बताया कि इस समय फसलों को पानी की सख्त जरूरत है। चोरों द्वारा केबल काट लिए जाने से सिंचाई पूरी तरह ठप हो गई है। नया सामान खरीदने में आर्थिक नुकसान तो है ही, साथ ही फसल सूखने का भी डर सता रहा है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले का जल्द से जल्द खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए और क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाई जाए।
कठूमर थाना पुलिस ने किसानों से परिवाद प्राप्त कर लिया है। पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में संदिग्धों से पूछताछ के साथ जांच शुरू कर दी है।


