सिहाली के खेल मैदान में 51 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मुंडावर (देवराज मीना) निकटवर्ती ग्राम सिहाली में पर्यावरण संरक्षण एवं क्षेत्र में हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को पर्यावरण मित्रों और गौ रक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ग्रामीणों के सहयोग से स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान परिसर में 51 छायादार व फलदार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद गौ रक्षा दल के जिला अध्यक्ष गज्जू पुनिया ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पुनिया ने कहा कि लगातार असंतुलित हो रहे पर्यावरण को बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी जीवित रहने तक देखभाल करना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहकर, उन्हें वृक्ष बनने तक उनके पूर्ण संरक्षण की जिम्मेदारी उठाने का आह्वान किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस सामूहिक पुनीत कार्य में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। अभियान में राहुल यादव कल्याणपुरा, सोनू यादव, रमेशचंद सिहाली, पवन सिहाली, हितेश सिहाली, संदीप सिहाली तथा दीपक सिहाली कलां सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और पर्यावरण प्रेमियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में स्कूल परिसर में मौजूद सभी ग्रामीणों और प्रबुद्ध जनों ने क्षेत्र को हरा-भरा बनाने, पर्यावरण को सहेजने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का सामूहिक संकल्प लिया।


