जयपुर के SMS अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप शर्मा का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
मेनागँवार में हुआ अंतिम संस्कार, पूर्व मंत्रियों और चिकित्सा जगत की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। जयपुर के प्रसिद्ध सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में कार्यरत त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप शर्मा के आकस्मिक निधन से किशोरपुरा गांव और पूरे उदयपुरवाटी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। अपने मिलनसार, हंसमुख और सेवाभावी स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. संदीप के इस तरह अचानक चले जाने से हर कोई स्तब्ध है। मंगलवार को मेनागँवार स्थित श्मशान भूमि में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया।
गाड़ी में मिला था शव गौरतलब है कि सोमवार को जयपुर के आदर्श नगर इलाके में बर्फ खाने चौराहे के पास एक गाड़ी में डॉ. संदीप का शव मिला था। मौत की खबर मिलते ही गांव और चिकित्सा जगत में सन्नाटा पसर गया।
पीछे छोड़ गए मासूम बच्चे डॉ. संदीप के असमय निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने पीछे 2 वर्षीय मासूम पुत्र राघव और 6 वर्षीय पुत्री शिवा को छोड़ गए हैं। डॉ. संदीप के पिता ओमप्रकाश शर्मा गांव के नामचीन पंडित हैं, वहीं उनके ससुर श्रवण कुमार जोशी वैद्यजी गुढ़ा इलाके के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं।
अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब, दिग्गजों ने जताया शोक डॉ. संदीप की अंतिम यात्रा में किशोरपुरा सहित आस-पास के कई गांवों के लोग शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने डॉ. संदीप के निधन को इलाके के लिए एक बहुत बड़ी और अपूरणीय क्षति बताया।
शोक व्यक्त करने वाले प्रमुख लोग:
- जनप्रतिनिधि और नेता: पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा, पूर्व मंत्री राजकुमार शर्मा, राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष सोमेंद्र शर्मा, श्याम शर्मा, ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, आदिवासी श्री मीन सेना के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश मीणा किशोरपुरा।
- चिकित्सा जगत: SMS अस्पताल के यूनियन अध्यक्ष डॉ. राजपाल मीणा, यूनिट हेड डॉ. रामसिंह मीणा, डॉ. नवीन वर्मा, डॉ. सांवरमल सैनी।
- स्थानीय गणमान्य नागरिक: सत्यपाल सिंह गुढ़ा, किशोर सैनी, श्रवण पचलंगी, सरपंच मोहन लाल सैनी, संदीप मीणा, पं. महेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ लोगों ने गहरा शोक प्रकट कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।


