ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 15 महिलाएं दबी, दो महिलाओं की मौत; खेत पर काम करने के लिए जा रही थी महिलाएं
वैर भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) उपखंड वैर के गांव रायपुर के पास एक ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। ट्रैक्टर ट्राली में करीब 15 महिलाएं सवार थी। जिसमें 11 महिलाओं को गंभीर चोट आई है। घायल महिलाओं को आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया। सभी महिलाएं खेत पर मजदूरी का काम करने के लिए टैक्टर ट्राली में सवार होकर जा रही थी।
- ट्रैक्टर ट्राली में 15 महिलाएं सवार थी
कस्बा वैर की कुछ महिलाएं आज सुबह टैक्टर ट्राली में सवार होकर मजदूरी करने के लिए जा रही थी। ड्राइवर टैक्टर ट्राली को काफी तेज चला रहा था। ड्राइवर से महिलाओं ने टैक्टर ट्राली को धीरे-धीरे चलाने के लिए कहा लेकिन टैक्टर ड्राइवर नहीं माना और टैक्टर ट्राली को तेज गति से ही चलता रहा।
- 11 महिलाओं को किया जिला अस्पताल रैफर
रायपुर गांव के पास अचानक टैक्टर ट्राली का पहिया गढ्ढे में चला गया और टैक्टर ट्राली पलट गई। जिससे मौके पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी । मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस और निजी वाहनों से सभी को उपजिला अस्पताल वैर पहुंचाया। जहां से 11महिलाओं को आरबीएम अस्पताल रैफर कर दिया गया।
- 9 महिलाओं का इलाज जारी
आरबीएम अस्पताल में धौरी एवं मिथलेश को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं 9 महिलाओं का इलाज जारी है। पुलिस ने धौरी एवं मिथलेश के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
- पुलिस कर रही मामले की जांच
थानाधिकारी वैर धीरेन्द्र ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं रायपुर गांव खेतों में कृषि कार्य करने के लिए जा रही थी। रायपुर गांव के पास ही टैक्टर ट्राली के सामने कोई जानवर आ गया। जिससे टैक्टर ट्राली सड़क किनारे एक गढ्ढे में पलट गई। घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई। अन्य महिलाएं घायल है।जिनका उपचार जारी है। मामले की जांच जारी है


