लक्ष्मणगढ़ में श्री शनि देव महाराज का छठा विशाल भंडारा 11 जुलाई को
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)। कस्बा स्थित जालूकी रोड पर खंडेलवाल स्कूल के सामने, बिजली घर परिसर में स्थित श्री शनि देव महाराज मंदिर के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 11 जुलाई को छठे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
सनातन परिवार के सदस्य ईश्वर नकडा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव की शुरुआत 10 जुलाई (शुक्रवार) से होगी। शुक्रवार प्रातः 7:15 बजे भगवान शनि देव का विशेष तेलाभिषेक स्नान कराया जाएगा, जिसके बाद प्रातः 8:15 बजे अखंड श्री रामायण पाठ का शुभारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि अगले दिन 11 जुलाई (शनिवार) को प्रातः 8:15 बजे श्री रामायण पाठ का समापन होगा। इसके तुरंत बाद विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन और पूर्णाहूति दी जाएगी। शनिवार दोपहर 11:00 बजे से महाप्रसादी (विशाल भंडारे) का शुभारंभ होगा, जो प्रभु इच्छा तक निरंतर जारी रहेगा। सनातन परिवार ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी भाई-बहनों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।


