समाजसेवी गोपाल लाल माली पर हमले का मामला: जिला यूनेस्को एसोसिएशन ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, पीड़ित परिवार पर दर्ज 'झूठा मुकदमा' वापस ले पुलिस
गुरला/भीलवाड़ा। (बद्री लाल माली) भीलवाड़ा जिला यूनेस्को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में समाजसेवी एवं स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली पर हुए जानलेवा हमले के मामले में निष्पक्ष जांच करने, दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार पर दर्ज किए गए कथित झूठे मुकदमे को तुरंत हटाने की मांग की गई है।
- पिछड़े समाज की आवाज दबाने का प्रयास: मधु जाजू
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व सभापति मधु जाजू ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "गोपाल लाल माली वर्षों से सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों को मुखरता से उठाते रहे हैं। ऐसे समर्पित व्यक्ति पर हमला होना बेहद निंदनीय है। यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि कमजोर और पिछड़े समाज की आवाज को दबाने की सोची-समझी साजिश है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज और अन्य पुख्ता साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इसके विपरीत, पीड़ित पक्ष के परिवारजनों पर ही उल्टा झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया गया है, जिससे आमजन का न्याय व्यवस्था से भरोसा उठ रहा है।
- बिना किसी दबाव के हो निष्पक्ष जांच: मून्दड़ा
जिला यूनेस्को एसोसिएशन के सचिव जगदीश चन्द्र मून्दड़ा ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में पुलिस को किसी भी प्रकार के राजनीतिक या बाहरी दबाव और प्रभाव से ऊपर उठकर काम करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि पुलिस मामले की पारदर्शी जांच कर वास्तविक तथ्यों को जनता के सामने लाए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला यूनेस्को एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष चेतन मानसिंहका, गोवर्धन वैष्णव, शंकर लाल गोयल, गिरिराज काबरा, राजेश जीनगर, ओम उज्ज्वल, तोताराम सांखला, नानूराम गोयल, कालू माली, नारायण लाल और सम्पत सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।


