प्रेरणा उत्सव में डीडवाना-कुचामन का परचम, मनोज जांगिड़ बने सर्वश्रेष्ठ जिला परीक्षा प्रभारी, 17 मेधावियों का हुआ सम्मान
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। जयपुर स्थित दीप स्मृति सभागार में विश्वकर्मा युवा मित्र मंडल द्वारा आयोजित प्रथम अखिल राजस्थान विश्वकर्मा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 2026 के पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह प्रेरणा उत्सव में डीडवाना-कुचामन जिले ने अपनी मेधा और संगठन कौशल का लोहा मनवाया। कार्यक्रम में जिले से आए प्रतिभाओं और पदाधिकारियों ने समाज का गौरव बढ़ाया।
मनोज जांगिड़ को मिला 'सर्वश्रेष्ठ जिला परीक्षा प्रभारी' का सम्मान
समारोह का मुख्य आकर्षण जिले के जूसरी निवासी मनोज जांगिड़ का सम्मान रहा। उन्हें प्रतियोगिता के सफल आयोजन में उनके उत्कृष्ट एवं रचनात्मक योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ जिला परीक्षा प्रभारी के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।
उन्हें यह पुरस्कार वरिष्ठ आईएएस डॉ. सुमित शर्मा एवं डॉ. जोगाराम जांगिड़ के कर कमलों द्वारा प्रदान किया गया। मनोज जांगिड़ को यह सम्मान हिंदी अंग्रेजी में पाठ्यक्रम एवं बुकलेट निर्माण, परीक्षा गाइडलाइन तैयार करने, सात परीक्षा केंद्रों का कुशल संचालन और प्रदेश में द्वितीय सर्वाधिक आवेदन जुटाने के उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए दिया गया।
17 मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान डीडवाना-कुचामन जिले के 17 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। मौलासर की रिया जांगिड़ ने जूनियर वर्ग में संभाग स्तर पर प्रथम स्थान और अमाया शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
जिले से पहुँचा प्रतिनिधिमंडल
इस भव्य आयोजन में भाग लेने के लिए डीडवाना-कुचामन से समाज का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल बस द्वारा जयपुर पहुँचा। इसमें अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष उमाशंकर जांगिड़, महिला जिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष ममता जांगिड़, विश्वकर्मा मंदिर मकराना के कार्यकारी अध्यक्ष रामेश्वर लाल जांगिड़, अध्यक्ष किस्तूरचंद जांगिड़, महिला मंडल अध्यक्ष प्रेमलता जांगिड़ सहित नावां, परबतसर, लाडनूं और मकराना से आए अनेक समाजबंधुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की नींव: वक्ता
समारोह के दौरान अतिथियों ने शिक्षा, संगठन और प्रतिभा सम्मान की इस पहल की सराहना की। परीक्षा संयोजक डॉ. दिनेश जांगिड़ सारंग ने सभी पदाधिकारियों और परीक्षा प्रभारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता के दम पर यह अभियान निरंतर नई ऊँचाइयों को छू रहा है। कार्यक्रम के अंत में समाज की प्रतिभाओं की सफलता ने जिले के लिए हर्ष का माहौल पैदा कर दिया।


