7 साल की तक्षवी ने 'वेदसार शिवस्तव' के सस्वर पाठ से पंडित प्रदीप मिश्रा को किया मंत्रमुग्ध
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) धर्मनगरी भीलवाड़ा इन दिनों 'हर-हर महादेव' और 'ॐ नमः शिवाय' के उद्घोष से गुंजायमान है। महादेव की भक्ति की इस बयार के बीच एक नन्ही बालिका की प्रतिभा ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में मात्र 7 वर्षीय बालिका तक्षवी सोडाणी ने 'वेदसार शिवस्तव' स्तोत्र का ऐसा भावपूर्ण पाठ किया कि उपस्थित जनसमूह और स्वयं महाराज श्री भावविभोर हो उठे।
भीलवाड़ा निवासी गोविंद प्रसाद सोडाणी की सुपुत्री एवं जयप्रकाश एवं गरिमा सोडाणी की पुत्री की इस नन्ही शिव भक्त तक्षवी ने लाइव कार्यक्रम के दौरान "पशूनां पतिं पापनाशं परेशं..." के श्लोकों का शुद्ध उच्चारण और लयबद्ध गायन कर अपनी अद्भुत प्रतिभा का परिचय दिया। तन्वी की इस प्रस्तुति ने न केवल माहौल को भक्तिमय कर दिया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि संस्कार और भक्ति की कोई उम्र नहीं होती। बालिका की मेधा और शिव के प्रति उसके समर्पण को देख कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने उसे विशेष आशीर्वाद दिया। तक्षवी ने पंडित जी के निवास पर भी 'वेदसार शिवस्तव' गाकर समां बांध दिया, जिससे वहां मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो गए। उल्लेखनीय है कि तक्षवी की प्रतिभा केवल यहीं तक सीमित नहीं है। अब तक उसके शिव तांडव स्त्रोत, महिषासुर मर्दिनी, जब दशमलव दिया मेरे भारत ने, हनुमान चालीसा, रामा रामा रटते रटते, राम स्तुति और राम आएंगे तो अंगना सजाएंगे सहित 15 वीडियो एल्बम रिलीज हो चुके हैं, जिन्हें सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काफी पसंद किया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि यह सब भोलेनाथ की असीम कृपा का ही परिणाम है कि इतनी छोटी आयु में वह शास्त्रों के कठिन स्तोत्रों का गायन इतनी सहजता से कर पा रही है।

