पाली में सनसनीखेज मामला: खेत में पेड़ से लटका मिला एक सप्ताह पुराना शव,एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
पाली/ राजस्थान
पाली जिले के रोहट थाना क्षेत्र के बांडाई गांव के पास एक खेत में पेड़ से लटका हुआ एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में शव करीब एक सप्ताह पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
खेत में पेड़ से लटका मिला शव रोहट थानाधिकारी पाना चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि बांडाई गांव के पास ढलाराम सुथार के खेत में एक पेड़ पर शव लटका होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण किया।
करीब एक सप्ताह पुराना होने की आशंका पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शव लगभग एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक खुले में रहने के कारण शव के हाथ-पैर के पंजे जानवरों द्वारा नोचे हुए मिले हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल (FSL) टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और विसरा के नमूने एकत्रित कर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस इस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।
पहचान के प्रयास जारी फिलहाल पुलिस ने शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और आसपास के थानों व गांवों में शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। मृतक की पहचान होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

