झुंझुनूं पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन ट्रेडिंग में डॉक्टर से 8.51 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महाराष्ट्र से 3 आरोपी गिरफ्तार
झुंझुनूं: ऑनलाइन ट्रेडिंग और शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर एक डॉक्टर से 8.51 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले अंतराज्यीय गिरोह का झुंझुनूं पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और नेटवर्क के बारे में खुलासे किए जा रहे हैं।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, झुंझुनूं निवासी डॉ. नवीन प्रकाश बंसल को साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश करने पर कम समय में तगड़ा मुनाफा कमाने का लालच दिया था। ठगों के झाسه में आकर डॉक्टर ने विभिन्न किस्तों के जरिए कुल 8 लाख 51 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई रिटर्न नहीं मिला और आरोपियों के फोन बंद आने लगे, तब डॉक्टर को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने झुंझुनूं साइबर थाने में मामला दर्ज कराया।
पुलिस की विशेष टीम ने ऐसे ट्रेस किए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार और एएसपी फूलचंद मीणा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
-
साइबर थानाधिकारी रामखिलाड़ी मीणा के सुपरविजन और एसआई गोपाल लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण (Technical Analysis), कॉल डिटेल, बैंक खातों की ट्रेल और मोबाइल लोकेशन खंगाली।
-
जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में ट्रेस हुई, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपी महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के ही रहने वाले हैं:
-
मोहम्मद शेख नसीर (47) - निवासी सोनारगांव, थाना जानेफल
-
संदीप लठाड़ (33) - निवासी दुर्गबोरी, थाना डोणगांव
-
राहुल सुरदास मेहेत्रे (41) - निवासी लोणी गवली, थाना डोणगांव
पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने देश के अन्य किन-किन राज्यों में लोगों को ठगी का शिकार बनाया है और इनके अन्य साथी कौन-कौन हैं।

