जोधपुर में इंस्टाग्राम रील देखकर कार खरीदना पड़ा भारी: 4 साल बाद भी आरसी ट्रांसफर नहीं होने पर कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज
जोधपुर:राजस्थान
सोशल मीडिया पर रील देखकर दिल्ली से एसयूवी गाड़ी खरीदना एक युवक के लिए जी का जंजाल बन गया है। सौदा करने और पूरी रकम चुकाने के बावजूद चार साल बीत जाने के बाद भी गाड़ी पीड़ित के नाम ट्रांसफर नहीं की गई। अब पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली, जिसके आदेश पर शहर के बासनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम रील देखकर तय किया था सौदा
बासनी थाने के एसआई गजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित चेतन ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर 2022 में पीड़ित ने इंस्टाग्राम पर एक रील देखकर दिल्ली से क्रेटा कार खरीदने का सौदा किया था। बेचने वाले ने गाड़ी को 'नोन-एक्सीडेंटल' और बिल्कुल सही स्थिति में बताया था, जिसके बाद साढ़े नौ लाख रुपए में सौदा तय हो गया था। उस समय आरोपियों ने एक महीने के भीतर गाड़ी की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) पीड़ित के नाम ट्रांसफर करवाने का वादा किया था।
सर्विस के नाम पर भी वसूले पैसे, चार साल से टालमटोल
पीड़ित ने आरोप लगाया कि गाड़ी की पूरी कीमत चुकाने के अलावा सर्विस के नाम पर भी डेढ़ से दो लाख रुपए मांगे गए। जब उसने सर्विस के पैसे देने से असमर्थता जताई, तो टालमटोल शुरू हो गई। पिछले चार सालों से वह दस्तावेजों को ट्रांसफर करवाने के लिए चक्कर काट रहा है और फोन करने पर आरोपी हर बार केवल कोरे आश्वासन ही देते रहे।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसआई गजेंद्र सिंह ने बताया कि परिवादी की शिकायत पर न्यायालय के निर्देशानुसार मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि यह क्रेटा कार असल में किसके नाम रजिस्टर्ड है और इसे किस माध्यम से खरीदा गया था। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

