गुरु के तिलक लगाकर की पूजा अर्चना, सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन
सकट (अलवर). गांव नारायणपुर स्थित श्री यति दामोदरदास महाराज के आश्रम में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया गया। गुरु पूर्णिमा पर्व पर श्रद्धालुओं ने आश्रम मे बनी ब्रह्मलीन यति दामोदरदास महाराज के समाधि स्थल पर स्थापित प्रतिमा की पूजा अर्चना कर परिक्रमा करके आश्रम के संत साईं राम महाराज का तिलक लगाकर व मोली का धागा बांध कर पुष्प माला पहनाकर गुरु पूजन कर दक्षिणा भेंट की और गुरु चरणों में मत्था टेक आशीर्वाद लिया। पूर्व सरपंच फतेह राम मीणा ने बताया कि इस मौके पर नेहड़ा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें कोटपूतली के महेश चंद लताला एण्ड पार्टी के कलाकारों ने धार्मिक भजनों की प्रस्तुति पेश की जिनपर डांसर दीपिका व रूपा ने नृत्य किया। भजनों पर श्रद्धालु भी भाव विभोर हो कर झुमने लगे। इस मौके पर आयोजित भंडारे में आसपास के गांव व ढाणियों के अलावा दूरदराज क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर भंडारे की प्रसादी ग्रहण की। इस मौके पर महावीर छावडी कोटपूतली, रेवडमल सैनी, मुरारी छिपा, लोकेश प्रजापत, महेंद्र शर्मा, नरेश सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

