गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सौगात: खेड़ली गुर्जर में आयोजित कार्यक्रम मे शिक्षा और विकास कार्यों के लिए खोल दिया खजाना
भरतपुर/खेड़ली (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों, विशेषकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को बड़ी सौगातें दीं। भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
- विद्यार्थियों को 250 करोड़ की यूनिफॉर्म डीबीटी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के खातों में यूनिफॉर्म पेटे 250 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित (DBT) की। इसके साथ ही राज्य भर में 691 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न शैक्षिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया।
- भरतपुर और डीग को 1186 करोड़ के विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास पर जोर देते हुए भरतपुर और नवगठित डीग जिले के लिए कुल 1,186 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री ने बालिका सैनिक स्कूल के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया और परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
- 'मिशन पढ़ो राजस्थान' और निपुण कैलेंडर का शुभारंभ
प्रदेश में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन की औपचारिक शुरुआत की। साथ ही 'निपुण कैलेंडर' का विमोचन किया गया और दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को पढ़ाई में सुगमता के लिए टैबलेट वितरित किए गए। समारोह में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
भजनलाल शर्मा, मुख्यमंत्री का कहना है कि- राज्य सरकार हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।"
इस अवसर पर राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, क्षेत्रीय विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि तथा भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

