एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत टपूकड़ा कॉलेज में पौधारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजकीय कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में आज राष्ट्रीय सेवा योजना एवं हरियालो राजस्थान के संयुक्त तत्वाधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत कॉलेज में पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर किया गया। इस अवसर पर प्रत्येक स्वयंसेविका ने एक पौधा अपनी मां के नाम से रोपित कर उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ उमा शर्मा ने स्वयं सेविकाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित रूप से देखभाल करने की अपील की। हरियालो राजस्थान प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर हरित परिसर का निर्माण करना है।
इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य मनोज चौपड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण को ही संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आग्रह किया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग तथा हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

