खैरथल-तिजारा में स्थायी एसपी की नियुक्ति की मांग, विधायक खैरिया ने सीएम को लिखा पत्र
17 मार्च से खाली पड़ा है पद; भिवाड़ी एसपी के पास है अतिरिक्त प्रभार, चुनावी तैयारियों व कानून-व्यवस्था का दिया हवाला
खैरथल (हीरालाल भूरानी) किशनगढ़ बास विधायक दीपचंद खैरिया ने खैरथल-तिजारा जिले में लंबे समय से रिक्त चल रहे जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर शीघ्र स्थायी अधिकारी की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजा है। विधायक ने जनहित और जिले की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सरकार से इस दिशा में तुरंत कदम उठाने का आग्रह किया है।
विधायक खैरिया ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जिले में 17 मार्च 2026 से एसपी का पद खाली पड़ा है। वर्तमान में भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक को खैरथल-तिजारा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
संवेदनशील जिला, पूर्णकालिक एसपी जरूरी
दीपचंद खैरिया, विधायक (किशनगढ़ बास) का कहना है कि - "खैरथल-तिजारा एक संवेदनशील जिला है। यहाँ प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आगामी चुनावों की तैयारियों को समय पर दुरुस्त करने के लिए स्थायी एसपी की तैनाती समय की मुख्य मांग है। सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए।"
मुख्य सचिव और डीजीपी को भी भेजी प्रति
विधायक ने बताया कि अतिरिक्त प्रभार के भरोसे इतने बड़े और संवेदनशील जिले की सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाना व्यावहारिक रूप से कठिन है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक कसावट लाने के लिए पूर्णकालिक पुलिस अधीक्षक का होना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्य सचिव और राजस्थान पुलिस महानिदेशक (DGP) को भी प्रेषित की है, ताकि प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्यवाही की जा सके।

