अग्रसेन महिला महाविद्यालय खेरली में नशा मुक्ति अभियान के तहत प्रधानमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
अलवर (दिनेश लेखी)। अग्रसेन महिला महाविद्यालय में रविवार को 'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अग्रसेन शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष अशोक गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथि संस्थान मंत्री अजीत गोयल, पूर्व मंत्री एवं शिक्षाविद शशिकांत बंसल तथा पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र मित्तल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बनवारी लाल उपाध्याय ने की।
सुबह 11 बजे वर्चुअल माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज में नशे की प्रवृत्ति को समाप्त करने के लिए जनजागरूकता फैलाने का भी आग्रह किया।
महाविद्यालय को माय भारत पोर्टल के माध्यम से इस वर्चुअल कार्यक्रम के लिए चयनित किया गया, जिसमें यह अलवर जिले का एकमात्र निजी महाविद्यालय रहा। प्रधानमंत्री के प्रेरक संबोधन को छात्राओं ने गंभीरता से सुना और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नेहा गोयल ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी संतोष शर्मा, सौरभ अग्रवाल, मंगल सैनी, देवेंद्र कुमार सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं लगभग 350 छात्राएं उपस्थित रहीं।

