10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारम्भ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण हेतु जनभागीदारी का आह्वान
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित "10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान" का शुभारंभ ईश्वरीय स्मृति, माननीय प्रधानमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए उद्बोधन तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में केंद्र संचालिका एवं वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सुनीता दीदी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बताया कि यह अभियान भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के "नशा मुक्त भारत अभियान", गृह मंत्रालय के अधीन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के Mission SPANDAN तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की MY Bharat पहल के उद्देश्यों को जनभागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाने वाला एक राष्ट्रीय जनआंदोलन है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के साथ हुए आधिकारिक समझौता ज्ञापनों (MoUs) के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी संस्था देशभर में जनजागरूकता, मूल्य शिक्षा एवं राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से इन राष्ट्रीय अभियानों में सक्रिय सहयोग प्रदान कर रही है।
सुनीता दीदी ने कहा कि यह अभियान ब्रह्माकुमारीज़ की पूर्व मुख्य प्रशासिका परम आदरणीय राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति को समर्पित है। उन्होंने कहा कि नशे की स्थायी रोकथाम केवल नियंत्रण या दवाइयों से संभव नहीं है। तनाव, अकेलापन, निराशा, नकारात्मक सोच तथा जीवन में उद्देश्य की कमी जैसी परिस्थितियाँ व्यक्ति को नशे की ओर प्रेरित करती हैं। राजयोग मेडिटेशन व्यक्ति के आत्मबल, आत्मसम्मान, निर्णय क्षमता, भावनात्मक संतुलन एवं सकारात्मक सोच को सशक्त बनाकर उसे नशामुक्त, स्वस्थ एवं मूल्यनिष्ठ जीवन अपनाने की आंतरिक शक्ति प्रदान करता है।
उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ एवं उत्तरदायी जीवन अपनाने तथा इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी नागरिकों ने राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा लेते हुए स्वयं सभी प्रकार के नशों से दूर रहने तथा अपने परिवार, समाज और कम से कम दस अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
संकल्प संदेश:
- मेरा जीवन, नशामुक्त जीवन।
- मेरा परिवार, नशामुक्त परिवार।
- मेरा उदयपुरवाटी, नशामुक्त उदयपुरवाटी।
- मेरा भारत, नशामुक्त भारत।

