किसानों और मजदूरों ने भरी हुंकार, मांगें न मानने पर एसडीएम कार्यालय के घेराव की चेतावनी
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव)। स्थानीय चंवरा चौराहे पर किसान मजदूर एवं जल संघर्ष समिति तथा अरावली पर्वत जनजागृति समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। माहलाराम सैनी की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में वक्ताओं ने जनहित की अनदेखी पर सरकार व प्रशासन के खिलाफ कड़ा आक्रोश जताया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सीकर के जिला सचिव ओमप्रकाश यादव और विशिष्ट अतिथि पीसीसी ओबीसी कांग्रेस प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव मुकेश सैनी ने कहा कि सरकार आमजन से जुड़ी मूलभूत समस्याओं की लगातार उपेक्षा कर रही है। अब किसानों, मजदूरों और युवाओं को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक संघर्ष का रास्ता अपनाना होगा। जनसभा में उठीं मुख्य मांगें:-
- पंचायतीराज विभाग द्वारा बंद की गई निःशुल्क पेयजल टैंकर सेवा को अविलंब पुनः शुरू किया जाए।
- नीट (NEET) पेपर लीक प्रकरण से व्यथित होकर आत्महत्या करने वाले निर्दोष विद्यार्थियों को न्याय मिले।
- दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
- बढ़ती महंगाई के अनुपात में मजदूरों की दैनिक मजदूरी में बढ़ोतरी की जाए।
व्यापक आंदोलन का निर्णय- सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि प्रशासन ने समय रहते इन मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो क्षेत्र के किसान, मजदूर और सामाजिक संगठन संयुक्त रूप से एसडीएम कार्यालय का घेराव कर व्यापक आंदोलन करेंगे।
8 अगस्त को होगी आगामी बैठक - कार्यक्रम के अंत में निर्णय लिया गया कि 8 अगस्त 2026 को उदयपुरवाटी के शाकम्भरी रोड स्थित गायत्री गोशाला में अरावली चेतना संस्थान सेवा समिति की मासिक बैठक होगी। इसमें अरावली व जल संरक्षण और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।
सभा में जल संघर्ष समिति के अध्यक्ष नाथूराम सैनी, तहसील अध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी, उपाध्यक्ष सांवरमल खटाणा, बनवारी खटाणा, बंसी सैनी, बागाराम सैनी, गजराज सिंह, खुबाराम सैनी, रामरतन सैनी और रिछपाल सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और मजदूर उपस्थित थे।

