डीग में कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, निकाय-पंचायत चुनाव के लिए संगठन को किया सक्रिय
जिला बैठक में बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और संगठन विस्तार पर बना रोडमैप; कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर जनसमस्याएं उठाने का आह्वान
डीग (नीरज जैन) आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी डीग ने रविवार को लाला वाला कुंडा के पास संगठनात्मक बैठक आयोजित कर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में मंथन किया। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव चौधरी ने की, जबकि प्रदेश कांग्रेस की ओर से नियुक्त प्रभारी देशराज मीणा मुख्य अतिथि और पूर्व मंत्री जाहिदा खान विशिष्ट अतिथि रहीं।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, प्रत्येक वार्ड एवं ग्राम पंचायत में सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचने पर विशेष जोर दिया गया। जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि निकाय और पंचायत चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने जिले की 220 ग्राम पंचायतों और 190 नगर निकाय वार्डों में नियुक्त कांग्रेस ग्राम एवं वार्ड अध्यक्षों को बधाई देते हुए जिला परिषद के 29 तथा पांच पंचायत समितियों के 137 वार्डों में अभी से चुनावी तैयारियां शुरू करने का आह्वान किया।
प्रभारी देशराज मीणा ने कहा कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रत्येक बूथ पर मजबूत संगठन के दम पर जनता का विश्वास हासिल करेगी। वहीं पूर्व मंत्री जाहिदा खान ने बूथ गठन, चुनाव प्रबंधन, सोशल मीडिया, जनसंपर्क अभियान और संगठन विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
बैठक में वक्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए स्थानीय समस्याओं को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने की बात कही। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
बैठक में जिला परिषद सदस्य मोहन सिंह गुर्जर, एम. जुबेर खान, यदुवीर सिनसिनी, श्वेता यादव, पंकज भूषण गोयल सहित कई पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। संचालन कमल सिंह ने किया तथा संगठन महासचिव गजराज पेंघौर ने आभार जताया।

