भिवाड़ी में RUIDP पंचम चरण के 245.20 करोड़ के विकास कार्यों पर संवाद; अपशिष्ट जल प्रबंधन और सीवरेज तंत्र होगा मजबूत
'आरयूआईडीपी संवाद' कार्यक्रम में हितधारकों से लिए गए सुझाव; एडीबी के वित्तपोषण से सुधरेगी सीवरेज व्यवस्था, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य का भरोसा
खैरथल/भिवाड़ी (हीरालाल भूरानी)। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के पंचम चरण के तहत औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में प्रस्तावित 245.20 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को लेकर गुरुवार को नगर परिषद सभागार में "आरयूआईडीपी संवाद" कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यशाला में शहर के जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रशासनिक अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ परियोजना के सभी पहलुओं पर गहन चर्चा की गई और उनके महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए गए।
एडीबी के सहयोग से 245.20 करोड़ से सुदृढ़ होगा इंफ्रास्ट्रक्चर
कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी के अधिशाषी अभियंता अनिल कुमार जाटव और सहायक अभियंता जोगिन्दर बैसला ने प्रेजेंटेशन के जरिए परियोजना की पूरी रूपरेखा पेश की। उन्होंने बताया कि एशियन विकास बैंक (ADB) के वित्तीय सहयोग से भिवाड़ी में अपशिष्ट जल प्रबंधन (Wastewater Management) और शोधित जल के पुनः उपयोग (Treated Wastewater Reuse) से जुड़े बड़े कार्य किए जाएंगे। इससे शहर का सीवरेज तंत्र मजबूत होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग का मार्ग प्रशस्त होगा।
जलभराव की समस्या का मांगा स्थायी समाधान
संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हवा सिंह दायमा ने इस परियोजना के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद और शहरवासी इस योजना को सफल बनाने में पूरा सहयोग देंगे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सुझाव दिया कि अन्य शहरों के अनुभवों से सीख लेते हुए निर्माण कार्य इस तरह किए जाएं जिससे आमजन को कम से कम असुविधा हो और शहर में जलभराव (वॉटरलॉगिंग) की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
समय सीमा और गुणवत्ता से समझौता नहीं करेंगे अधिकारी
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और आमजन की सीवरेज व जल निकासी से जुड़ी जिज्ञासाओं का अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान किया। आरयूआईडीपी अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सभी सुझावों को परियोजना में शामिल करते हुए पूरे काम को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। इस दौरान एक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) का प्रदर्शन भी किया गया। बैठक में नगर परिषद के सहायक अभियंता धर्मेंद्र चौधरी, नवीन यादव, पूर्व सभापति सहित बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।

