कोट में सड़क किनारे बबूल की झाड़ियों पर चला PWD का कुल्हाड़ा, ग्रामीणों को मिलेगी राहत; युवाओं ने जताया आभार
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। निकटवर्ती कोट ग्राम पंचायत क्षेत्र में रोधाला के पास सड़क किनारे फैले बबूल के पेड़ों और झाड़ियों से परेशान ग्रामीणों की मांग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने संज्ञान लिया है। विभाग की टीम ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे उगे बबूल के पेड़ों की कटाई का कार्य शुरू कर दिया।
- ज्ञापन के बाद हरकत में आया विभाग
गौरतलब है कि सड़क किनारे उगे घने बबूल के कारण दृश्यता बाधित हो रही थी, जिससे स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और वाहन चालकों को आए दिन दुर्घटना का अंदेशा बना रहता था। इस समस्या को लेकर पिछले दिनों युवा नेता पंकज सैनी बागोरा के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं युवाओं ने PWD विभाग को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में सड़क निर्माण, मरम्मत और बबूल के पेड़ों की छंटाई की मांग प्रमुखता से उठाई गई थी।
- जनसमस्या पर त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद
कार्रवाई शुरू होने पर पंकज सैनी बागोरा ने लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभाग ने जनहित से जुड़ी इस गंभीर समस्या पर त्वरित कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी है। बागोरा ने दोहराया कि वे पिछले पांच वर्षों से उदयपुरवाटी जिला परिषद वार्ड संख्या 14 के लोगों से पारिवारिक रूप से जुड़े हुए हैं और आगे भी क्षेत्र की हर जनसमस्या के समाधान के लिए इसी तरह आवाज उठाते रहेंगे।

