टूटी सड़कें, जलभराव और सुअरों के आतंक से परेशान हैं निवासी; बेदखली के नोटिस और राशन डीलर की धांधली पर भी गरमाई राजनीति
तखतगढ़ (बरकत खा)। सुमेरपुर शहर के जाखानगर क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र का विस्तृत दौरा किया। जाखानगर के वासियों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि दोनों वार्डों में नालियों की सफाई न होना, टूटी सड़कें, नालियों में जलभराव, रास्तों में उगी झाड़ियां और अवरुद्ध नालियों में सुअरों का आतंक गंभीर समस्या बन चुका है।
नगरपालिका टीम को मौके पर बुलाकर कराया पैदल भ्रमण
समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए नगर अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा ने तुरंत फोन पर नगरपालिका प्रशासन के अधिकारियों से बात कर उन्हें मौके पर बुलाया। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, नगर पालिका प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की गलियों व चौराहों का पैदल भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। मौके पर ही पालिका प्रशासन ने जाखानगर वासियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण का भरोसा दिया।
अस्पताल की भूमि पर बेदखली के नोटिस और विस्थापन का मुद्दा
दौरे के दौरान स्थानीय निवासियों ने बताया कि प्रस्तावित अस्पताल की भूमि पर बसे गरीब परिवारों को बेदखली के नोटिस मिले हैं। इस पर सुभाष मेवाड़ा ने कहा कि कांग्रेस कमेटी ने पूर्व में धरना-प्रदर्शन कर इन परिवारों को मुआवजा देने अथवा अन्यत्र मकान बनाकर पुनर्वसित करने की मांग की थी। प्रशासन द्वारा अब तक कार्रवाई न करने पर इस मुद्दे को पुनः उपखंड स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
कम राशन देने पर राशन डीलर के खिलाफ शिकायत की चेतावनी
क्षेत्र की महिलाओं ने प्रतिनिधिमंडल के सामने राशन डीलर की मनमानी की शिकायत रखते हुए बताया कि उन्हें निर्धारित मात्रा में गेहूं नहीं मिलता और दुकान भी समय पर नहीं खुलती। प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि इस मामले में उपखंड अधिकारी (SDM) को अवगत कराकर राशन डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। इस दौरान पूर्व जिला महासचिव महेश परिहार, संगठन महासचिव संतोक सिंह सोलंकी, बरकत अली, कैलाश गोयल, ललित परिहार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व महिलाएं मौजूद रहीं।

