27 वर्षों की निष्ठा और नवाचार का सम्मान: शिक्षिका अनुपमा जैन को मिला 'दैनिक भास्कर टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026'
27 वर्षों के समर्पण और नवाचार को मिला सम्मान: शिक्षिका अनुपमा जैन को प्रदान किया गया 'टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026'
सनावद (कमलेश जैन)
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार एवं शासकीय विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए शासकीय प्राथमिक विद्यालय गणेशपुरी (बासवा) की प्रधानाध्यापिका श्रीमती अनुपमा जैन को 'टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026' से सम्मानित किया गया है। दैनिक भास्कर एवं डॉ. सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में दिग्गज रहे मौजूद
खंडवा में आयोजित इस भव्य सम्मान समारोह में खंडवा विधायक कंचन तन्वे, महापौर अमृता यादव, दैनिक भास्कर के संपादक अनिमेष शर्मा, यूनिट हेड हीरालाल प्रजापति, कुलसचिव डॉ. अनिल तिवारी, पूर्व कुलसचिव रवि चतुर्वेदी तथा विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी सहित कई गणमान्य नागरिक एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।
शासकीय स्कूल को दिलाई विशिष्ट पहचान
विगत 27 वर्षों से प्राथमिक शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहीं श्रीमती अनुपमा जैन (पत्नी श्री राजेन्द्र जैन महावीर सनावद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष - जैन पत्रकार महासंघ) ने अत्यंत गरीब एवं पिछड़े क्षेत्र में स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय गणेशपुरी की तस्वीर बदल दी है। उनके अथक प्रयासों और नवाचारों के चलते आज इस विद्यालय में 66 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। दानदाताओं के सहयोग से स्कूल में स्मार्ट टीवी, माइक सिस्टम, और आधुनिक बैठक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिससे यह विद्यालय बड़वाह विकासखंड के श्रेष्ठ विद्यालयों में गिना जाता है। इससे पूर्व उन्हें 26 जनवरी को बड़वाह बीईओ द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
अवॉर्ड आगे और बेहतर करने की प्रेरणा देता है: अनुपमा जैन
सम्मान प्राप्त करने के बाद श्रीमती अनुपमा जैन ने कहा कि "यह सम्मान कार्य का अंत नहीं, बल्कि भविष्य में और अधिक समर्पण से कार्य करने की प्रेरणा देता है।" उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपनी सहयोगी शिक्षिकाओं—श्रीमती उषा ठाकुर, श्रीमती वर्षा तोमर—और ग्रामवासियों के निरंतर सहयोग को दिया।
इस उपलब्धि पर राज्य शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुराम मालवीय, सहायक जिला परियोजना समन्वयक खेमराज सेन, बीईओ खरगोन एम.डी. महाजन, और नाट्यकर्मी शरद जैन सहित क्षेत्र के शिक्षक समुदाय, सहयोगियों और परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

