तखतगढ़ पुलिस का बड़ा खुलासा: जैन पेढ़ी में हुई लाखों के चांदी के सामान की चोरी का पर्दाफाश, महिला समेत 3 शातिर गिरफ्तार
कोसेलाव जैन पेढ़ी नकबजनी का खुलासा: कबाड़ बिनने की आड़ में रेकी कर चोरी करने वाले महिला सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
तखतगढ़ (पाली) बरकत खा
कस्बे के पास ग्राम कोसेलाव स्थित पोरवाल जैन संघ की पुरानी पेढ़ी में पर्युषण पर्व के दौरान हुई नकबजनी की गंभीर वारदात का तखतगढ़ थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कबाड़ बिनने के बहाने रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह की एक महिला समेत 3 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
यह था पूरा मामला
गत 12 सितंबर 2026 को परिवादी वेनपुरी निवासी कोसेलाव ने तखतगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार पर्युषण महोत्सव के दौरान जब जैन समाज के पदाधिकारियों ने पुरानी पेढ़ी को खोला, तो वहां से चांदी के भगवान महावीर स्वामी के सपना जी, पारणा जी, श्रीफल, कल्पवृक्ष और शासन देवी की मूर्ति गायब मिली। चोरी की इस घटना से जैन समाज में आक्रोश फैल गया था।
पुलिस ने ऐसे कसा शिकंजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाली किशोर सिंह चौहान व वृताधिकारी सुमेरपुर भवानी सिंह के सुपरविजन तथा थानाधिकारी शैतान सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय सूचना, मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों पर नजर रखी और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए वारदात का सफल खुलासा किया।
कबाड़ बीनते समय करते थे रेकी
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी ऑटो/टेम्पो लेकर गांव-गांव घूमकर कचरा व भंगार बिनने का काम करते थे। इसी दौरान वे सूने मकानों व धार्मिक स्थलों की रेकी कर लेते थे और मौका मिलते ही नकबजनी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस अब आरोपियों से चुराए गए माल-मशरूका की बरामदगी को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार:
-
प्रकाश कुमार (24) पुत्र कसनाराम, निवासी दुजाना (हाल इंदिरा कॉलोनी, फालना)
-
पुष्पा देवी (20) पत्नी प्रकाश कुमार, निवासी दुजाना (हाल इंदिरा कॉलोनी, फालना)
-
राकेश कुमार (18) पुत्र पकाराम, निवासी मालियों का वास (सांडेराव)
सराहनीय भूमिका:
कार्रवाई में तखतगढ़ थानाधिकारी शैतान सिंह, सांडेराव थानाधिकारी श्यामराज सिंह, गोपाल सिंह, एएसआई दलपत सिंह, एएसआई घीसाराम, एएसआई मकसूद खान, अमर चंद, अशोक कुमार, श्रवण कुमार, अरविन्द, गेनाराम, रमेश कुमार, जगदीश कुमार, महिला कांस्टेबल भगवती एवं चालक जनार्दन सिंह की विशेष भूमिका रही।

