बावड़ी: अणवाणा से जसोल माजीसा धाम के लिए रवाना हुई 5वीं पैदल यात्रा,सुख-समृद्धि की कामना के साथ उमड़ा आस्था का सैलाब
बावड़ी, जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)। उपखंड क्षेत्र के माजीसा धाम अणवाणा से जसोल माजीसा धाम के लिए पांचवीं विशाल पैदल यात्रा संघ शनिवार सुबह विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना और आरती के बाद पूरे उत्साह व श्रद्धा के साथ रवाना हुआ। इससे पूर्व यात्रा की पूर्व संध्या पर मां माजीसा का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।
शनिवार सुबह धाम की पुजारी झाड़जी रुकमा देवी ने माजीसा के समक्ष अखंड ज्योत प्रज्वलित कर संघ को रवाना किया। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गांव, समाज और क्षेत्र में सुख-शांति व समृद्धि की कामना को लेकर यह यात्रा निकाली जा रही है। वहीं धाम के पुजारी दशरथ दास कामड़ ने बताया कि पैदल संघ जसोल पहुंचकर मां माजीसा के दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली की अर्जी लगाएगा।
जयकारों और ढोल-नगाड़ों के साथ थिरके श्रद्धालु: रवानगी के समय पूरा अणवाणा क्षेत्र "मां माजीसा" के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। हाथों में रंग-बिरंगे ध्वज व सजे हुए निशान लिए बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग डीजे, ढोल-नगाड़ों और थाली की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़े। यात्रा के लिए वाहनों और रथ को भी आकर्षक रूप से सजाया गया है।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत: यात्रा मार्ग में ग्रामीणों एवं भामाशाहों द्वारा पैदल संघ का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह चाय, पानी और अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
इन मार्गों से होकर गुजरेगी यात्रा: यह पैदल यात्रा अणवाणा से रवाना होकर बावड़ी, मंडलनाथ, बड़ली भेरूजी, नागाणा राय मंदिर, कल्याणपुर और बालोतरा होते हुए जसोल माजीसा धाम पहुंचेगी। रास्ते भर श्रद्धालु भक्ति भाव से ओत-प्रोत होकर मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

