महुवा व मंडावर नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर सियासी हलचल तेज, बाड़ेबंदी के रिसोर्ट पहुंचे मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, विधायक का मनाया जन्मदिन
महुवा,अवधेश अवस्थी
महुवा विधानसभा क्षेत्र की महुवा और मंडावर नगर पालिका के अध्यक्ष पद चुनाव को लेकर सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। चेयरमैन पद पर कब्जा जमाने के लिए जारी बाड़ेबंदी के बीच सोमवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा पार्षदों से मिलने एक निजी रिसोर्ट पहुंचे। मंत्री के इस दौरे को चुनाव से पहले पार्षदों में एकजुटता बनाए रखने और रणनीति तय करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
विधायक के पालतू तोते 'मिट्ठू' के साथ काटा जन्मदिन का केक
संयोगवश सोमवार को ही महुवा विधायक राजेंद्र मीणा का जन्मदिन भी था। रिसोर्ट पहुंचे मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भाजपा समर्थित पार्षदों व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में विधायक का मुंह मीठा कराकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने विधायक के पालतू तोते 'मिट्ठू' को अपने हाथ पर बैठाकर केक काटा, जो वहां मौजूद सभी लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
पार्षदों से वन-टू-वन चर्चा और दावेदारी पर मंथन
सूत्रों के अनुसार, मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बाड़ेबंदी में मौजूद दोनों पालिकाओं के विजयी पार्षदों से व्यक्तिगत रूप से (वन-टू-वन) संवाद किया और जीत की बधाई दी। महुवा नगर पालिका में सामान्य सीट होने के कारण वैश्य, ब्राह्मण और गुर्जर समाज के प्रत्याशी अध्यक्ष पद के लिए अपनी-अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। वहीं मंडावर में एसटी वर्ग से अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। दोनों ही स्थानों पर दावेदारों की लंबी सूची के चलते अंदरूनी खींचतान जारी है, जिस पर मंत्री ने मंथन कर एकजुट रहने के निर्देश दिए।
दिनभर लगा रहा शुभकामनाओं का तांता
उधर, विधायक राजेंद्र मीणा को उनके जन्मदिन पर दिनभर समर्थकों और क्षेत्रवासियों की ओर से बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निकाय चुनाव के ऐन वक्त पर मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के इस दौरे से बाड़ेबंदी में बंद पार्षदों का मनोबल बढ़ा है और भाजपा दोनों जगह अपना बोर्ड बनाने की पुरजोर कोशिश में जुटी है।

