अलवर में भीषण अग्निकांड: रामनगर कॉलोनी में आग ने पूरे मकान को बनाया राख, 30 लाख का नुकसान
अलवर (अनिल गुप्ता)
एनईबी थाना क्षेत्र स्थित रामनगर कॉलोनी (शनि मंदिर के समीप) बीती रात एक भीषण अग्निकांड से दहल उठी। विद्युत पोल से उठी आग ने देखते ही देखते एक मकान और उसमें बनी दुकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद से ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
30 लाख रुपये का सामान जलकर राख
पीड़ित के अनुसार, इस भीषण आग में 4 लैपटॉप, 2 ड्रोन कैमरे, 2 पीसी (कंप्यूटर सेट), लाइव स्ट्रीमिंग मशीनें, एसी, पंखे, कपड़े और घर का सारा कीमती घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। इस हादसे में पीड़ित को करीब 30 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
ऐसे फैली पूरे मकान में आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण मकान के पास स्थित विद्युत पोल पर लगे बॉक्स में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। सबसे पहले बिजली के पोल पर लगे डिब्बे में आग लगी, जिसने घर में आ रही बिजली सप्लाई की केबल को अपनी चपेट में ले लिया। सप्लाई तार के जरिये आग घर की इंटरनल वायरिंग तक पहुंच गई और देखते ही देखते पूरे मकान में आग फैल गई।
दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू, पुलिस जांच शुरू
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। सूचना मिलते ही एनईबी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

