ग्रेटर नोएडा में निक्की हत्याकांड का पर्दाफाश, आरोपी पति एनकाउंटर में घायल
ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश/ शशि जायसवाल - दहेज के लिए एक और जिंदगी मौत के मुंह में समा गई। गौतम बुद्ध नगर के दादरी इलाके में रहने वाली निक्की की निर्मम हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति विपिन को एक फिल्मी अंदाज में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
क्या हुआ था-
निक्की की शादी कासना थाना इलाके के सिरसा निवासी विपिन के साथ हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे थे। पहले स्कॉर्पियो और फिर बुलेट देने के बावजूद उनकी मांगें खत्म नहीं हुईं। आखिरकार, इन दानवों ने मिलकर निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसकी जान ले ली। इस भयानक घटना का चश्मदीद निक्की का 6 साल का मासूम बेटा है, जिसने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने लाइटर से उसकी मां को आग लगाई थी।
पुलिस ने कैसे दबोचा-
यह जघन्य अपराध सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ गया था। कासना पुलिस ने आरोपी पति विपिन को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन विपिन ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उसे दौड़ाकर उसके पैर में गोली मारी और घायल अवस्था में फिर से हिरासत में ले लिया।