मित्रम प्ले स्कूल के बच्चों का फायर स्टेशन का शैक्षणिक भ्रमण, फायरफाइटर्स के साहस और कार्यप्रणाली से हुए रूबरू
जयपुर (मोहम्मद शहजाद) किताबों की दुनिया से बाहर निकलकर व्यावहारिक अनुभवों से सीखने के उद्देश्य से मित्रम प्ले स्कूल के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने जयपुर स्थित फायर स्टेशन का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस विजिट के दौरान बच्चों ने अग्निशमन कर्मियों की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और आपात परिस्थितियों में आग पर काबू पाने के साथ-साथ लोगों की जान बचाने के तरीकों की जानकारी हासिल की। भ्रमण के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान नन्हे छात्र हितेन ने फायरमैन की भूमिका निभाकर अग्निशमन कर्मियों के कार्यों को समझने का प्रयास किया। दमकलकर्मियों ने बच्चों को प्रदर्शन के माध्यम से बताया कि आग लगने की स्थिति में किस तरह तत्परता से कार्रवाई की जाती है और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाता है। विभिन्न अग्निशमन उपकरणों और बचाव कार्यों की जानकारी पाकर बच्चे बेहद रोमांचित नजर आए। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को फायरफाइटर्स के साहस, जिम्मेदारी और समाज के प्रति समर्पण भाव को समझने का अवसर मिला। इस अनुभव ने बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा और विभिन्न पेशों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा दिया। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ना है। वास्तविक परिस्थितियों को करीब से देखकर बच्चे न केवल बेहतर ढंग से सीखते हैं, बल्कि उनमें नई चीजों को जानने और अपनी दुनिया को स्वयं एक्सप्लोर करने का आत्मविश्वास भी विकसित होता है।

