वरिष्ठ सीसीटीसी कैलाश पोटलिया को भावभीनी विदाई: माला व साफा पहनाकर किया सम्मानित
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के बुकिंग कार्यालय में वरिष्ठ सीसीटीसी के पद पर कार्यरत कैलाश पोटलिया के बालसमंद स्थानांतरण होने पर शनिवार को रेल कर्मचारियों द्वारा एक भव्य एवं भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। बुकिंग सुपरवाइजर हनुमान किरडोलिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पोटलिया का माला एवं साफा पहनाकर भावभीना सम्मान किया गया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कैलाश पोटलिया के मकराना में रहे करीब दो वर्षों के कार्यकाल की जमकर सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कैलाश पोटलिया ने मकराना रेलवे स्टेशन पर अपनी सेवाओं का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कार्यकुशलता के साथ किया है। अपने सौम्य व्यवहार और यात्रियों के प्रति हमेशा सहयोगात्मक रवैया रखने के कारण उन्होंने सहकर्मियों और आम जनता के बीच एक विशेष पहचान बनाई है। इस भावुक क्षण पर विदा हो रहे वरिष्ठ सीसीटीसी कैलाश पोटलिया ने सभी रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मकराना में सेवाकाल के दौरान उन्हें जो सहयोग और अपनापन मिला, वह उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपनी नई कार्यस्थली पर भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। विदाई समारोह के दौरान रेलवे स्टाफ ने पोटलिया के उज्जवल भविष्य और सुखद सेवाकाल की कामना की। कार्यक्रम में कृष्णकुमार, महेंद्र चौधरी, विजय कुमावत, रामप्रताप बिश्नोई, गुमानसिंह चौहान, अब्दुल रज्जाक सहित रेलवे कार्यालय के कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


