गौरी देवी कॉलेज की छात्राओं ने बुलंद की आवाज़:महाविद्यालय में छात्र हितों की विभिन्न मांगों को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा
अलवर (रितीक शर्मा)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की गौरी देवी राजकीय महिला महाविद्यालय इकाई द्वारा सोमवार को छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और मांगों को लेकर महाविद्यालय प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया।
अभाविप ने ज्ञापन के जरिए महाविद्यालय प्रशासन से छात्र संघ चुनाव शीघ्र बहाल करने, पुस्तकालय में नई पुस्तकों के नवीन संस्करण उपलब्ध कराने, स्थायी स्टाफ की नियुक्ति करने, एम.एससी. संकाय प्रारंभ करने तथा महाविद्यालय गेट पर स्थायी रूप से दो से तीन सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति करने की प्रमुख मांगें रखीं।
सुरक्षा और छात्र संघ चुनाव की प्रमुख मांग ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग छात्रा प्रमुख कु. संजू गुर्जर ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार है। प्रतिनिधि न होने से छात्राओं की समस्याएं प्रशासन तक नहीं पहुंच पा रही हैं, इसलिए चुनाव जल्द कराए जाने चाहिए।
वहीं, जिला छात्रा प्रमुख कु. प्रतीक्षा ने छात्राओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि महाविद्यालय गेट के बाहर असामाजिक तत्वों के जमावड़े से छात्राएं असुरक्षित महसूस करती हैं। उन्होंने परिसर के मुख्य द्वार पर विशेष रूप से महिला सुरक्षा कर्मियों की स्थायी तैनाती की मांग की ताकि छात्राएं भयमुक्त माहौल में पढ़ाई कर सकें।
परिषद ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान इकाई अध्यक्ष मानसी प्रजापत, इकाई सचिव मोना राजपूत, खुशी नरुका और पलक तिवारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

