नगर पालिका का सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़ा एक्शन: 20 किलो पॉलीथिन जब्त, ₹3,550 का वसूला जुर्माना
20 किलोग्राम सिंगल यूज पॉलीथिन जब्त: तखतगढ़ नगर पालिका ने चलाया प्रतिबंध अभियान, वसूला 3,550 रुपए जुर्माना
तखतगढ़ (बरकत खां)। राज्य सरकार के निर्देशों के तहत पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पालिका तखतगढ़ द्वारा 'सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध अभियान' के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पालिका की विशेष टीम ने कस्बे के प्रमुख बाजारों में दबिश देकर करीब 20 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन की थैलियां जब्त कीं और उल्लंघन करने वालों पर आर्थिक जुर्माना लगाया।
3,550 रुपए का वसूला जुर्माना, दी चेतावनी नगर पालिका अधिशासी अधिकारी महेंद्र बंजारा ने बताया कि कस्बे को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार जागरूकता और कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गठित विशेष टीम ने सोमवार को कस्बे की विभिन्न दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और लारी-ठेले वालों के खिलाफ निरीक्षण अभियान चलाया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर व्यापारियों से ₹3,550 का जुर्माना वसूला गया। साथ ही दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग या भंडारण पाए जाने पर कड़ी चालानी कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने किया बाजार का दौरा सहायक प्रशासनिक अधिकारी रतन सांखला के निर्देशन में गठित टीम में सफाई निरीक्षक मुकेश माली, चंद्रपाल सिंह, कार्यवाहक जमादार अमृत कुमार, धीरज कुमार तथा भरत वाल्मीकि सहित अन्य पालिका कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने व्यापारियों और आमजन से अपील की कि वे कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करें और कस्बे को स्वच्छ व प्लास्टिक-मुक्त बनाने में अपना सहयोग दें।

