तखतगढ़ में अवैध हथियारों पर पुलिस का शिकंजा कसा; एक पिस्टल दो कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
सुमेरपुर, (बरकत खान) पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन के निर्देशानुसार तखतगढ़ पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पिछले चार दिनों में कई अहम गिरफ्तारियां कर पुलिस ने हथियार तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है।
चार दिन पूर्व तखतगढ़ कस्बे के सैनिक कॉलोनी में छापेमारी कर पुलिस ने ईश्वर सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से दो पिस्टल, 12 कारतूस और तीन मैगजीन बरामद किए गए थे। इस मामले में आगे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य सप्लायर दलपत सिंह को भी गिरफ्तार किया, जो हथियारों की सप्लाई में अहम भूमिका निभा रहा था।
वहीं शनिवार रात कोसेलाव गांव में कार्रवाई कर संजय कुमार हीरागर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
थानाधिकारी शैतान सिंह चारण ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियारों के बढ़ते प्रचलन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध हथियार कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए सक्रिय है।

