लोहार्गल सिद्धपीठ में 20 अगस्त से सजेगा वेंकटेश बालाजी का दरबार, झूलन उत्सव की तैयारियाँ तेज़
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) निकटवर्ती प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थल लोहार्गल स्थित सिद्धपीठ वेंकटेश बालाजी मंदिर परिसर में आगामी 20 अगस्त से 24 अगस्त तक भव्य झूलन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। पाँच दिवसीय इस धार्मिक महोत्सव को लेकर मंदिर प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं द्वारा तैयारियाँ जोर-शोर से की जा रही हैं।
लोहार्गल वेंकटेश बालाजी मंदिर के श्री श्री 1008 श्री अश्विनी दास महाराज ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि झूलन उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहेगा। उत्सव के पाँचों दिन प्रतिदिन विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मुख्य रूप से नित्य कीर्तन, वेंकटेश बालाजी सरकार का अलौकिक श्रृंगार, महाआरती, मनोहर झूला दर्शन एवं आध्यात्मिक गोष्ठी शामिल हैं।
अश्विनी दास महाराज के अनुसार, आयोजन को भव्य रूप देने के लिए मंदिर परिसर की सजावट का काम अंतिम चरणों में है। आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को निमंत्रण पत्र भेजकर उत्सव में शामिल होने का न्योता दिया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय ग्रामीणों व श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

