झुंझुनूं के लाल इंस्पेक्टर वासुदेव मीणा को राष्ट्रपति पुलिस पदक, क्षेत्र में खुशी की लहर
झुंझुनूं (सुमेर सिंह राव) स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर झुंझुनूं जिले के सपूत एवं ब्लैक कैट कमांडो (NSG) इंस्पेक्टर वासुदेव मीणा को उत्कृष्ट व सराहनीय सेवाओं के लिए महामहिम राष्ट्रपति द्वारा 'मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस' (राष्ट्रपति पुलिस पदक) से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही समूचे झुंझुनूं जिले और उनके पैतृक गांव में जश्न का माहौल बन गया।
- असाधारण सेवा और समर्पण का सम्मान
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) एवं राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) में तैनात रहते हुए इंस्पेक्टर वासुदेव मीणा ने देश की सुरक्षा में अद्वितीय साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। उनकी इसी निष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित पदक से नवाजा गया।
- गांव और जिले में हर्ष का माहौल
उनके पैतृक गांव भोड़की तन (हुकुमपुरा) में यह समाचार पहुंचते ही ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे पूरे गांव, झुंझुनूं जिले तथा राजस्थान प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक व अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण बताया और वासुदेव मीणा को शुभकामनाएं दीं।
- युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इंस्पेक्टर वासुदेव मीणा की यह गौरवपूर्ण उपलब्धि स्थानीय युवाओं को राष्ट्रसेवा, अनुशासन, ईमानदारी और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगी। समस्त क्षेत्रवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

