प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल कटाई प्रयोग का दिया प्रशिक्षण
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत खरीफ वर्ष 2026-27 में फसल कटाई प्रयोग एवं वास्तविक उपज के आकलन के लिए जिले के प्राथमिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला कलक्टर भरतपुर के निर्देशन में सांख्यिकी, कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले के सभी उपखण्ड क्षेत्रों में यह प्रशिक्षण 13 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में उपखण्ड भरतपुर क्षेत्र में 20 अगस्त 2026 को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भू-अभिलेख निरीक्षक, पटवारी, कृषि पर्यवेक्षक एवं सहायक कृषि अधिकारियों को फसल कटाई प्रयोग की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, भरतपुर राजेश कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत चयनित ग्रामों एवं चयनित खसरा नम्बर में फसल कटाई प्रयोग करने, प्रति हैक्टेयर उत्पादन एवं वास्तविक उपज का अनुमान निर्धारित करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने फील्ड एवं हार्वेस्टिंग विधि के साथ-साथ ऑफलाइन एवं ऑनलाइन सीसीई ऐप के माध्यम से फसल कटाई प्रयोग की प्रविष्टियां करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान फसल कटाई प्रयोग में पारदर्शिता, शुद्धता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आंकड़ों के संकलन पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसानों की फसल उपज का वास्तविक एवं सटीक आकलन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनएसएसओ कार्यालय अलवर के वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी बल्देव, सांख्यिकी कार्यालय भरतपुर के सहायक सांख्यिकी अधिकारी मुकेश कुमार मीणा, कृषि विभाग से योगेश शर्मा, भू-अभिलेख अनुभाग, कलेक्ट्रेट भरतपुर से वरिष्ठ पटवारी रानू जैन सहित संबंधित बीमा कम्पनी के ब्लॉक कॉर्डिनेटर उपस्थित रहे।

