ठूमरैला में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित 90 ग्रामीणों की आंखों की जांच, 18 में मिला मोतियाबिंद
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेरला के ठूमरैला में जीवन ज्योति कार्यक्रम के तहत नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर मेटसो इण्डिया, साइट सेवर्स इण्डिया एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
सरपंच प्रतिनिधि हीरालाल जाटव ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में गांव तथा आसपास के क्षेत्रों से आए करीब 90 ग्रामीणों ने अपनी आंखों की जांच करवाई। परीक्षण के दौरान नेत्र सहायक ओम गुर्जर ने मरीजों की आंखों की गहनता से जांच की। जांच में 18 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। मोतियाबिंद से पीड़ित इन सभी मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन राजीव गांधी राजकीय चिकित्सालय, अलवर में कराया जाएगा।
इसके साथ ही शिविर के दौरान दृष्टि दोष से पीड़ित करीब 15 मरीजों को नि:शुल्क चश्मों का वितरण भी किया गया।
शिविर को सफल बनाने में समुदाय प्रेरक राजेश कुमार व विष्णु कुमार, एएनएम रामोती देवी, सीएचओ प्रमोद कुमार सहित समस्त ग्रामवासियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और व्यवस्थाओं में सराहनीय सहयोग दिया। ग्रामीणों ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए आयोजक संस्थाओं एवं स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।

