झुंझुनूं में चुनावी बिगुल बजा: 19 नगरीय निकायों के 555 वार्डों में दो चरणों में होगी जंग
झुंझुनूं में निकाय चुनाव का ऐलान: निष्पक्ष मतदान कराने प्रशासन कटिबद्ध, 19 निकायों में आचार संहिता प्रभावी
सुमेर सिंह राव / झुंझुनूं
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय आम चुनाव की घोषणा के साथ ही झुंझुनूं जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। चुनाव की तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग और पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर की मौजूदगी में राजनीतिक दलों व मीडिया प्रतिनिधियों की अहम बैठक संपन्न हुई।
4.35 लाख से अधिक मतदाता चुनेंगे अपने प्रतिनिधि जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, जिले की 1 नगर परिषद और 18 नगर पालिकाओं के कुल 555 वार्डों के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इस चुनावी महाकुंभ में कुल 4,35,513 मतदाता (2,27,689 पुरुष और 2,07,815 महिला) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
नई विकास योजनाओं और घोषणाओं पर प्रतिबंध आचार संहिता लागू होते ही जिले में नई विकास योजनाओं की घोषणा, नए कार्यादेश जारी करने और नए निर्माण कार्य शुरू करने पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। हालांकि पूर्व से स्वीकृत और जारी कार्य यथावत चलते रहेंगे। प्रचार-प्रसार के दौरान लाउडस्पीकर के प्रयोग और रैलियों के लिए संबंधित उपखंड मजिस्ट्रेट से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त, सीमावर्ती क्षेत्रों पर कड़ी नजर पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने स्पष्ट किया कि चुनाव को भयमुक्त और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई जारी है। हरियाणा सीमा से सटे क्षेत्रों में विशेष नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।
प्रशासनिक स्तर पर सभी उपखंड कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित कर दी गई हैं, जिससे मतदाताओं और प्रत्याशियों को आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जा सके।

